निशु आजाद के पिता संजय आजाद से कथित मारपीट का मामला, सीजेपी नेताओं के थाने पहुंचने के बाद पुलिस की कार्रवाई; स्वतंत्र भारद्वाज ने आरोपों को बताया गलत
नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता संजय आजाद के साथ हुई कथित मारपीट का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। मामले में पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लिया है। शुक्रवार को सीजेपी के नेता सौरव दास और राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका निशु आजाद और उनके पिता के लिए न्याय की मांग को लेकर नई दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे थे। इस दौरान निशु आजाद भी मौजूद थीं।
सीजेपी ने लगाए गंभीर आरोप
सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान संजय आजाद के साथ मारपीट की गई और उनके सिर में चोट लगी। उन्होंने कहा कि कथित आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज ने अपने एक वीडियो में घटना को लेकर कई दावे किए हैं। सीजेपी नेताओं ने पुलिस से मामले में कड़ी कार्रवाई और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
पॉडकास्ट के बाद बढ़ा विवाद
मामले ने उस समय ज्यादा तूल पकड़ा जब स्वतंत्र भारद्वाज का एक पॉडकास्ट सामने आया। इसमें वह कथित तौर पर संजय आजाद के साथ मारपीट करने की बात करता सुनाई दिया। उसने दावा किया कि संजय को गंभीर चोट लगी और उन्हें कई टांके आए। पॉडकास्ट में स्वतंत्र ने पुलिस कार्रवाई और कथित राजनीतिक समर्थन को लेकर भी कई दावे किए। इसके बाद वीडियो को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया।
स्वतंत्र भारद्वाज ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद स्वतंत्र भारद्वाज ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया। शुक्रवार को उन्होंने कहा कि उन्होंने संजय आजाद पर हमला नहीं किया, बल्कि पूरा घटनाक्रम आत्मरक्षा में हुआ। स्वतंत्र के मुताबिक, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद और उनके पिता उनका वीडियो बना रहे थे। उन्होंने कैमरा नीचे करने के लिए कहा, जिसके बाद वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया। उनका दावा है कि भीड़ से बचने के लिए उन्होंने आत्मरक्षा में हाथ चलाया। इसी दौरान उनके हाथ में पहना कड़ा संजय आजाद को लग गया और उन्हें चोट आई। स्वतंत्र ने कहा कि यदि वह आत्मरक्षा में कदम नहीं उठाते तो भीड़ उन्हें पीट सकती थी। उन्होंने खुद को साजिश के तहत फंसाए जाने का आरोप भी लगाया।
निशु आजाद के पिता का वीडियो भी वायरल
मामले में नया मोड़ तब आया जब निशु आजाद के पिता संजय आजाद का भी एक वीडियो सामाजिक माध्यम पर सामने आया। इसमें वह कथित तौर पर कहते दिखाई दे रहे हैं कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो वह स्वतंत्र भारद्वाज को और पीट सकते थे। वीडियो में संजय आजाद पुलिस के मौके पर पहुंचने और स्वतंत्र को वहां से ले जाने की बात भी करते नजर आ रहे हैं।हालांकि, इस वीडियो और उसमें किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
अब आत्मरक्षा के दावे पर उठे सवाल
एक तरफ सीजेपी का आरोप है कि संजय आजाद के साथ जानलेवा मारपीट की गई, वहीं स्वतंत्र भारद्वाज इसे आत्मरक्षा बता रहे हैं। दूसरी ओर, संजय आजाद के सामने आए वीडियो ने भी मामले को नया मोड़ दे दिया है। ऐसे में अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना महत्वपूर्ण होगा कि जंतर-मंतर पर उस समय वास्तव में क्या हुआ था, किसने पहले हमला किया और संजय आजाद को लगी चोट की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं।
पुलिस जांच के बाद साफ होगी पूरी तस्वीर
पुलिस ने स्वतंत्र भारद्वाज को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े वीडियो, चिकित्सकीय रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आने के बाद मामला राजनीतिक विवाद में भी बदल गया है। अब पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों से ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट होगी।
