लखनऊ/बरेली: उत्तर प्रदेश सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने सभी जिलों को वक्फ सम्पत्तियों का पूरा विवरण UMEED Central Portal 2025 पर अपलोड कराने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए बोर्ड की ओर से सभी जिलों में नोडल अधिकारी और को-ऑर्डिनेटर नियुक्त किए गए हैं, ताकि पूरे काम की निगरानी हो सके। नवनियुक्त को-ऑर्डिनेटर नईम अंसारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा जो समय निर्धारण किया गया है, उसमें रजिस्ट्रेशन कराकर किसी भी प्रकार की समस्या से बचा जा सकता है उन्होंने कहा वक्त संपत्तियों के मुताबियों से अपील की गई है कि भारत सरकार ने उन्हें अच्छा मौका दिया है। वह वक्फशुदा संपत्तियों को उम्मीद पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं। इसके लिए 5 दिसंबर की तिथि निर्धारित की गई है।
को-ऑर्डिनेटर की संशोधित सूची जारी
बोर्ड ने पहले जारी की गई को-ऑर्डिनेटर की सूची में बदलाव करते हुए नई सूची सभी जिलों को भेज दी है। अपर सर्वे कमिश्नर वक्फ के पत्र में कहा गया है कि संशोधित सूची के अनुसार काम किया जाए और उम्मीद पोर्टल पर वक्फ सम्पत्तियों की जानकारी समय पर अपलोड कराई जाए।
मेकर और अप्रूवर बनाए गए अधिकारी
बोर्ड के पत्र के मुताबिक, दो सहायक सचिवों को अप्रूवर और चार कार्यपालक अधिकारियों या मास्टर ट्रेनर्स को मेकर के रूप में नामित किया गया है। वहीं, हर जिले में बड़े औकाफ (वक्फ ट्रस्ट) के मुतवल्लियों और प्रबंध समितियों को नोडल अधिकारी या को-ऑर्डिनेटर की भूमिका दी गई है। ये अधिकारी अपने जिले के अन्य मुतवल्लियों से संपर्क करके उम्मीद पोर्टल पर सभी वक्फ सम्पत्तियों का डेटा अपलोड कराएंगे।
हर दिन देनी होगी रिपोर्ट
सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे वक्फ सम्पत्तियों का विवरण निर्धारित समय के भीतर अपलोड कराना सुनिश्चित करें। अपलोड की गई सम्पत्तियों की जानकारी की रिपोर्ट हर दिन विकास भवन भेजनी होगी।
