अलीगढ़। रविवार सुबह भागलपुर से आनंद विहार जा रही विक्रमशिला एक्सप्रेस (12367) में बम और आतंकी होने की सूचना से रेलवे प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही ट्रेन को अलीगढ़ जंक्शन पर रोककर आरपीएफ, जीआरपी, बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की टीम ने करीब 42 मिनट तक ट्रेन की सघन जांच की।
आरपीएफ के सहायक आयुक्त गुलजार सिंह के अनुसार, सुबह करीब 5:20 बजे रेलवे कंट्रोल रूम को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि ट्रेन में बम और आतंकी मौजूद हैं। इस पर अलीगढ़ स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 5 पर सुबह 5:58 बजे ट्रेन को रोका गया। जांच में आरपीएफ हाथरस पोस्ट प्रभारी डीपी सिंह, एसआई धीरज चौधरी, और जीआरपी प्रभारी निरीक्षक संदीप तोमर के नेतृत्व में पूरी ट्रेन को खंगाला गया।
करीब 42 मिनट की सघन तलाशी के बाद कोई संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। सब कुछ सामान्य पाए जाने पर ट्रेन को आनंद विहार के लिए रवाना कर दिया गया।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों और सहालग के मौसम को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। आरपीएफ और जीआरपी टीमें लगातार प्लेटफार्म और ट्रेनों की जांच कर रही हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
