बरेली: नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गेला टांडा में करीब एक माह पहले एक दलित युवक के साथ गंभीर उत्पीड़न का मामला सामने आया जिसमें आरोप है कि कुछ लोगों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए युवक के साथ मारपीट की, उसका सिर, भौंह और मूंछ जबरन मुड़वा दी और जान से मारने की धमकी भी दी।
ट्रैक्टर के नाम पर लिए गए साढ़े चार लाख रुपये
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने उससे ट्रैक्टर खरीदने के नाम पर 4 लाख 50 हजार रुपये ले लिए थे। जब उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने न सिर्फ रकम लौटाने से इनकार किया, बल्कि गाली-गलौच और मारपीट भी की।
सोशल मीडिया पर वीडियो हुआ वायरल
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। इसके बाद पीड़ित ने 17 जनवरी को थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर थाना नवाबगंज पुलिस ने चन्द्रसेन , पप्पू उर्फ कुंवर बहादुर और गोधन उर्फ रामविलास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के साथ-साथ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चन्द्रसेन, पप्पू उर्फ कुवंर बहादुर और गोधन उर्फ रामविलास को इनायतपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
