प्रयागराज: आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे, और अपने संबोधन के दौरान भावुक हो उठे। रविवार को प्रयागराज के कादिलपुर स्थित राजरानी गार्डन में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन के मंच से जब चंद्रशेखर बोल रहे थे, तो उनकी आवाज़ भर आई। उन्होंने कहा मेरे भाइयों की पीठ पर लाठी पड़ी है, कान पकड़वाए गए हैं… और हमसे कहा जा रहा है कि सब ठीक है?
इतना कहते ही उन्होंने चश्मा उतारा और आंसू पोछ लिए। उनकी इस भावुकता से मंच और सभा स्थल पर बैठे कार्यकर्ता भी भावुक हो उठे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में चंद्रशेखर ने बसपा सुप्रीमो मायावती पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा मायावती जी ने रैली में योगी सरकार की तारीफ की, लेकिन मुझे समझ नहीं आता कि आखिर क्यों? क्या कोई राज छिपा है? या उन्हें डराया जा रहा है? उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश में दलितों और पिछड़ों पर अत्याचार बढ़ रहे हैं, तो ऐसी सरकार की तारीफ कैसे की जा सकती है?
दलितों की जान सुरक्षित नहीं
चंद्रशेखर ने हाल ही में रायबरेली में वाल्मीकि समाज के युवक की हत्या का जिक्र करते हुए कहा उसे पीट-पीटकर मार दिया गया, और हत्यारों ने गर्व से कहा कि हम बाबा के लोग हैं। ये दिखाता है कि यूपी में दलितों की क्या हैसियत रह गई है। आज दलितों की जान सुरक्षित नहीं है। उन्होंने आगे कहा देश में आज जाति पूछकर और बताकर मारा जा रहा है। ये नया भारत नहीं, बल्कि डर और भेदभाव से भरा समाज बन चुका है।
जूता दलित और पिछड़े समाज पर पड़ा है
CJI के ऊपर जूता फेंके जाने की घटना पर भी उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा जूता सिर्फ CJI पर नहीं पड़ा… वो दलित और पिछड़े समाज की अस्मिता पर पड़ा है। ये घटना उस व्यवस्था का प्रतीक है जो आज भी हमें बराबरी नहीं देना चाहती।
दलित समाज दबने वाला नहीं
भावुक लहजे में उन्होंने कहा कल कौन-सी लाठी हमारे सम्मान पर पड़ेगी, ये हमें नहीं पता… लेकिन हम डरेंगे नहीं। दलित समाज अब दबने वाला नहीं है।”
उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे संघर्ष के रास्ते पर डटे रहें, क्योंकि आजाद समाज पार्टी दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों की लड़ाई लड़ती रहेगी।
प्रयागराज में 18वां मंडल सम्मेलन
यह सम्मेलन पार्टी के 18वें मंडल सम्मेलन के रूप में आयोजित किया गया था। पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री और मंडल प्रभारी अनिल कुमार गौतम ने बताया कि प्रयागराज में यह सम्मेलन दलित और पिछड़े समाज के जागरण के लिए आयोजित किया गया है। कार्यक्रम स्थल के आसपास भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी। बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर आज़ाद 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटे हैं और इसी सिलसिले में वह प्रदेशभर में जनसंवाद और सम्मेलन कर रहे हैं।
