सरधना/मेरठ/लखनऊ: यूपी के मेरठ जिले के सरधना थाना क्षेत्र के नवाबगढ़ी गांव से मानवता को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां दो मासूम बच्चों की नृशंस हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में तांत्रिक क्रिया की आशंका जताई जा रही है। जिससे पूरे गांव में मातम और खौफ का माहौल है। हालांकि, इस मामले में “The justice Hindi” ने सीओ और इंस्पेक्टर सरधना से पक्ष जानने की कोशिश की गई। मगर, दोनों की कॉल रिसीव न होने पर पक्ष नहीं मिल सका।
तीन महीने से लापता था 11 साल का रिहान
गांव का रहने वाला 11 वर्षीय रिहान तीन महीने पहले अचानक अगवा कर लिया गया था। परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा रहा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस और स्थानीय प्रशासन की तमाम कोशिशों के बावजूद बच्चा नहीं मिला। जिससे परिवार गहरे सदमे में था।
दूसरी हत्या ने खोले राज: 14 साल के उवैश की भी गई जान
दो दिन पहले उसी गली से 14 वर्षीय उवैश गायब हुआ और उसका शव गांव के बाहर एक सुनसान इलाके से बरामद किया गया है। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर एक स्थानीय युवक को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने उवैश की हत्या कबूल कर ली।
तांत्रिक क्रिया की आशंका: शवों की स्थिति और साक्ष्य चौंकाने वाले
पुलिस जांच के दौरान आरोपी के घर से रिहान के कपड़े और बाल बरामद हुए हैं। जिससे शक और गहरा गया है कि यह मामला किसी काले जादू या तांत्रिक अनुष्ठान से जुड़ा हो सकता है। घटनास्थल से बरामद चीजों और शवों की स्थिति से भी ऐसा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस ने मीडिया से कहा है कि “फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुँचना जल्दबाज़ी होगी। सभी कोणों से गहन जांच की जा रही है।”
मानसिक रूप से असंतुलित हो सकता है आरोपी
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने मीडिया को बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी मानसिक रूप से असंतुलित प्रतीत हो रहा है। हालांकि, यह पुष्टि मेडिकल जांच और विस्तृत मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद गांव में तनाव फैलने की आशंका को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने अफवाहें न फैलाने की अपील की है। गांव में मातम पसरा हुआ है, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
FIR दर्ज, कई गंभीर धाराएं लगाईं गईं
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण, हत्या, साक्ष्य नष्ट करने और बाल अपराध अधिनियम सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी चल रही है।
