कटघर थाना क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, तीन वर्षीय बच्चे समेत तीन लोगों की मौके पर मौत, घायल युवक का इलाज जारी
मुरादाबाद : मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दिल्ली बायपास स्थित गागन नदी के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार और बेकाबू रोडवेज बस ने आगे चल रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद बस की चपेट में आए चार लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिर गए और बस की चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
तीन वर्षीय बच्चे समेत तीन की मौत
हादसे में तीन वर्षीय दानियाल, युवती मंतशा और महिला सिमरन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चालक जुनैद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही कटघर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने दानियाल, मंतशा और सिमरन को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल जुनैद का उपचार जारी है।
संभल के रहने वाले बताए जा रहे पीड़ित
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में प्रभावित सभी लोग संभल जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
बस कब्जे में, जांच शुरू
पुलिस ने हादसे में शामिल रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: रेहान, मुरादाबाद
