काशीराम नगर में सड़क पार कर रही बुजुर्ग महिला को बाइक ने मारी टक्कर, दिल्ली बाईपास पर खड़ी कार में ट्रक घुसा
मुरादाबाद : जनपद में सोमवार को सड़क हादसों की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया। एक ओर मझोला थाना क्षेत्र के काशीराम नगर में सड़क पार कर रही एक वृद्ध महिला की बाइक की टक्कर से मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर दिल्ली बाईपास पर शादी समारोह से लौट रहे परिवार की खड़ी कार में तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे बच्चे समेत छह लोग घायल हो गए।

सड़क पार कर रही महिला को बाइक ने मारी टक्कर
पहली घटना मझोला थाना क्षेत्र के काशीराम नगर मेन रोड की है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9 बजे एक वृद्ध महिला सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसा कैद हुआ बताया जा रहा है। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली हाईवे पर खड़ी कार में ट्रक की टक्कर
दूसरी घटना मुरादाबाद-दिल्ली बाईपास स्थित गागन नदी पुल के पास हुई। जानकारी के अनुसार रामपुर जिले के स्वार से एक परिवार शादी समारोह में शामिल होकर अमरोहा के हसनपुर लौट रहा था। रास्ते में उनकी कार पंचर हो गई, जिसके बाद वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया। परिवार के दो सदस्य पंचर बनवाने चले गए, जबकि बाकी लोग पेड़ के नीचे बैठकर इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार आगे बढ़कर पेड़ के नीचे बैठे लोगों को भी अपनी चपेट में ले गई।
बच्चे समेत छह लोग घायल
हादसे में दीपिका, मानवी, लक्ष्मी, प्रिया, मनीषा और मयंक घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही 112 पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हादसों के कारणों की पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: रेहान, मुरादाबाद
