आसमान में उठा धुएं का गुबार, फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर
मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के भोजपुर क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कपड़ा वेस्ट (पुराने कपड़ों) के एक गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया और ऊंची-ऊंची लपटें आसमान तक उठती दिखाई दीं।
आग लगते ही मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोदाम से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने में समय लगा।
लाखों रुपये के नुकसान की आशंका, इलाके में होता है कपड़ा वेस्ट का बड़ा कारोबार
स्थानीय लोगों के अनुसार गोदाम में भारी मात्रा में कपड़ा वेस्ट रखा हुआ था, जो आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। भोजपुर क्षेत्र में पुराने कपड़ों की छंटाई और दरी बुनाई का बड़े पैमाने पर काम होता है। यहां दर्जनों कपड़ा वेस्ट गोदाम मौजूद हैं, जहां बड़ी मात्रा में माल रखा जाता है।
रिपोर्ट: रेहान, मुरादाबाद
