बरेली : शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने गूगल मीट के माध्यम से ज़िले के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में लंबित अपहरण मामलों, न्यायालयी आदेशों के अनुपालन, वारंटियों की गिरफ्तारी, अपराध नियंत्रण और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।एसएसपी ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और आम जनता को त्वरित व गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
अपहरण मामलों और कोर्ट के आदेशों पर विशेष फोकस
बैठक के दौरान अपहरण एवं व्यपहरण से जुड़े लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई। एसएसपी अनुराग आर्य ने निर्देश दिए कि ऐसे सभी मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए और माननीय न्यायालयों द्वारा जारी आदेशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही जमानती प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के दौरान अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास निर्धारित प्रारूप में तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। फास्ट ट्रैक कोर्ट में लंबित मामलों की प्रभावी पैरवी कर जल्द निपटारा कराने पर भी जोर दिया गया।
वारंटियों पर शिकंजा, 4 दिवसीय विशेष अभियान के आदेश
एसएसपी ने ज़िले में वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चार दिवसीय विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को तय लक्ष्य के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। गिरफ्तारी वारंट, सम्मन, जमानती और गैर-जमानती वारंटों के त्वरित निष्पादन पर विशेष बल देते हुए अभियान की रोजाना समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा हिस्ट्रीशीटरों, गैंगस्टरों और सक्रिय अपराधियों की नियमित निगरानी तथा उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
YAKSH और TRINETRA ऐप से अपराधियों की डिजिटल निगरानी
बैठक में आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। एसएसपी ने निर्देश दिए कि YAKSH APP पर गौकशी, डकैती, लूट समेत 21 श्रेणियों के अपराधियों का डेटा नियमित रूप से अपडेट किया जाए। वहीं TRINETRA APP के माध्यम से अधिक से अधिक अपराधियों की डिजिटल प्रोफाइलिंग और रिकॉर्ड तैयार किए जाएं। अधिकारियों को लोकेशन आधारित मॉनिटरिंग, डिजिटल ट्रैकिंग और तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग के जरिए अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
