मुरादाबाद : मुरादाबाद पहुंचे केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने सीबीएसई पेपर लीक मामले, राहुल गांधी के बयान और 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। ठाकुरद्वारा में आयोजित आरएलडी की विजय संकल्प महारैली में शामिल होने पहुंचे जयंत चौधरी ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोकने के लिए तकनीक का अधिक इस्तेमाल करना होगा और सिस्टम को मजबूत बनाना होगा।
मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा में आयोजित आरएलडी की विजय संकल्प महारैली में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने जनसभा के बाद मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने सीबीएसई पेपर लीक मामले पर कहा कि सरकार लगातार सुधार के प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि उनके अपने बच्चे भी इसी शिक्षा व्यवस्था का हिस्सा हैं। अगर इस बार ज्यादा त्रुटियां हुई हैं तो निश्चित रूप से उनका सुधार किया जाएगा।
जयंत चौधरी ने कहा कि पेपर लीक जैसी समस्याओं से निपटने के लिए तकनीक का इस्तेमाल जरूरी है। उन्होंने कहा कि तकनीक ऐसा सुधार है जिससे बचा नहीं जा सकता। जरूरत इस बात की है कि उसके अनुरूप मजबूत सिस्टम तैयार किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
राहुल गांधी के उस बयान पर भी जयंत चौधरी ने प्रतिक्रिया दी जिसमें राहुल गांधी ने एक साल के भीतर मोदी सरकार गिरने की बात कही थी। इस पर जयंत चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी ने किस आधार पर यह बात कही है, यह वही बता सकते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि राहुल गांधी के कान में किसने क्या बात कही है। उन्होंने कहा कि केंद्र में एनडीए की सरकार मजबूत है और चुनावी नतीजे भी यह दिखाते हैं कि जनता का समर्थन एनडीए के साथ है। वहीं 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के संभावित गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर जयंत चौधरी ने कहा कि चुनाव में अभी काफी समय बाकी है। इसलिए इस विषय पर अभी कोई टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी।
कुल मिलाकर मुरादाबाद में जयंत चौधरी ने शिक्षा व्यवस्था में तकनीकी सुधारों की जरूरत पर जोर दिया और साथ ही विपक्ष के दावों को खारिज करते हुए एनडीए सरकार को मजबूत बताया।
रिपोर्ट: रेहान, मुरादाबाद
