मुरादाबाद : मुरादाबाद में विकास की नई पहचान बन चुके हनुमान वाटिका और संविधान पार्क का रविवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने दौरा किया। दोनों स्थानों पर पहुंचकर डिप्टी सीएम बेहद प्रसन्न और उत्साहित नजर आए। नगर निगम मुरादाबाद द्वारा तैयार किए गए इन आधुनिक और भव्य स्थलों को देखकर उन्होंने खुलकर सराहना की।

संविधान पार्क की थीम और स्वच्छता की तारीफ
डिप्टी सीएम ने संविधान पार्क की थीम, स्वच्छ वातावरण और जागरूकता से जुड़े संदेशों की विशेष रूप से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के निर्माण केवल सौंदर्य बढ़ाने का काम नहीं करते, बल्कि समाज को नई सोच और सकारात्मक संदेश भी देते हैं। वहीं हनुमान वाटिका की भव्यता और सुंदरता को भी उन्होंने मुरादाबाद के लिए गौरव बताया।
नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल की कार्यशैली की सराहना

दौरे के दौरान डिप्टी सीएम ने नगर निगम की पूरी टीम की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद तेजी से स्मार्ट और व्यवस्थित शहर की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस दौरान नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल की कार्यशैली और विजन की भी जमकर प्रशंसा हुई। डिप्टी सीएम ने कहा कि उनके नेतृत्व में नगर निगम लगातार ऐसे विकास कार्य कर रहा है जो शहर की पहचान बदलने का काम कर रहे हैं।

नगर निगम अधिकारियों में उत्साह, शहरवासी इन स्थलों को बता रहे नई पहचान
डिप्टी सीएम के दौरे के बाद नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोग भी हनुमान वाटिका और संविधान पार्क को मुरादाबाद की नई पहचान के रूप में देख रहे हैं। शहरवासियों का कहना है कि इस तरह के विकास कार्यों से मुरादाबाद की छवि लगातार बेहतर हो रही है।
रिपोर्ट: रेहान, मुरादाबाद
