सपा प्रमुख बोले – जहाँ-जहाँ भाजपा सरकार, वहीं-वहीं फैला NEET लीक का जाल
लखनऊ : यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने NEET परीक्षा को लेकर एक बार फिर केंद्र और भाजपा शासित राज्यों की सरकारों पर तीखा हमला बोला है।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए लिखा-“वहाँ-वहाँ ही क्यों फैला नीट लीक का जाल,जहाँ-जहाँ है ‘महाभ्रष्टाचारी भाजपा सरकार’।अखिलेश यादव के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। उन्होंने NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों को लेकर भाजपा सरकारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर दिशा -निर्देश दिए।
NEET विवाद को लेकर लगातार हमलावर विपक्ष
देशभर में NEET परीक्षा को लेकर उठे विवाद के बीच विपक्ष लगातार केंद्र सरकार और परीक्षा एजेंसियों को घेर रहा है। विपक्षी दलों का आरोप है कि पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के कारण लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। अखिलेश यादव इससे पहले भी कई बार युवाओं के रोजगार, भर्ती परीक्षाओं और पेपर लीक मामलों को लेकर सरकार पर हमला बोल चुके हैं। इस बार उन्होंने सीधे भाजपा शासित राज्यों को निशाने पर लेते हुए भ्रष्टाचार और परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
मुंबई के वीडियो के साथ अखिलेश यादव का बड़ा राजनीतिक संदेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मुंबई से जुड़े एक वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए राजनीतिक संकेत देने वाला ट्वीट किया है। सपा प्रमुख ने लिखा “ध्यान से देखिए हवा बदल रही है… मुंबई”अखिलेश यादव के इस ट्वीट के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि उन्होंने मुंबई में बढ़ती भीड़ और समर्थन को लेकर विपक्षी माहौल की ओर इशारा किया है। सपा प्रमुख का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। समर्थक इसे बदलाव की आहट बता रहे हैं, जबकि विरोधी इसे राजनीतिक बयानबाजी करार दे रहे हैं। मुंबई का वीडियो और अखिलेश का यह संदेश अब राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।
