डेढ़ महीने से जारी अभियान में 101 कब्जेदारों से छुड़ाई गई करोड़ों की सरकारी भूमि, अब 150 हेक्टेयर जमीन पर प्रशासन की नजर
मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में अवैध कब्जों के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 93 हेक्टेयर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया है। यह अभियान पिछले करीब डेढ़ महीने से लगातार चलाया जा रहा है। जिला प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम बोले- 93 हेक्टेयर से अधिक भूमि कराई गई कब्जामुक्त
जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि विशेष अभियान के तहत अब तक 93 हेक्टेयर से अधिक सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया जा चुका है। प्रशासन का लक्ष्य करीब 150 हेक्टेयर भूमि को कब्जामुक्त कराना है, जिस पर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई जारी है।
डीएम कोर्ट में लंबित थे 55 हेक्टेयर जमीन के मामले
डीएम के अनुसार, लगभग 55 हेक्टेयर भूमि से जुड़े मामले जिलाधिकारी न्यायालय में लंबित थे। इन मामलों के निस्तारण के बाद प्रशासन ने राजस्व विभाग और पुलिस की मौजूदगी में कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की।
101 लोगों के कब्जे से मुक्त कराई गई भूमि
प्रशासन ने चकबंदी अधिनियम की धारा-9 के तहत कार्रवाई करते हुए 101 लोगों के कब्जे से सरकारी भूमि को मुक्त कराया। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
70 से 80 करोड़ रुपये बताई जा रही जमीन की कीमत
प्रशासन के अनुसार कब्जामुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित बाजार कीमत 70 से 80 करोड़ रुपये आंकी गई है। यह जमीन कटघर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर एतमाली स्थित बाईपास के आसपास स्थित है, जहां लंबे समय से अवैध कब्जे की शिकायतें मिल रही थीं।
अभियान आगे भी रहेगा जारी
जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है और किसी भी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: रेहान, मुरादाबाद
