काम पर जा रहे मजदूर पर तेंदुए ने किया हमला, जिला अस्पताल रेफर; वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के डिलारी क्षेत्र में बुधवार सुबह तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया। काम पर जा रहे एक मजदूर पर तेंदुए ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6:45 बजे मजदूर बाबू अपने काम पर जा रहा था। इसी दौरान अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। बाबू की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद तेंदुआ जंगल की ओर भाग निकला।
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल बाबू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डिलारी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल मुरादाबाद रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
तेंदुए के हमले की खबर फैलते ही क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने वन विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए इलाके में तत्काल पिंजरा लगाने, तेंदुए को पकड़ने और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक तेंदुए को पकड़ा नहीं जाता, तब तक खेतों और काम पर जाना जोखिम भरा बना रहेगा।