बिहार। सुगौली विधानसभा सीट के बाद महागठबंधन के लिए मोहनियां विधानसभा सीट भी परेशानी का कारण बन गई है। इस सीट से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने तेजस्वी यादव के निर्देश पर श्वेता सुमन को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। श्वेता सुमन ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया था, लेकिन आज उनका नामांकन रद्द कर दिया गया।
श्वेता सुमन ने आरोप लगाया है कि उनका नामांकन नियमों के अनुसार सही था, फिर भी उसे रद्द कर दिया गया, जबकि जन सुराज पार्टी की उम्मीदवार गीता पासी का नामांकन स्वीकार कर लिया गया। उन्होंने इसे राजनीतिक साजिश करार देते हुए चुनाव आयोग से न्याय की मांग की है। श्वेता ने कहा, “मेरे साथ अन्याय हुआ है। नामांकन में कोई कमी नहीं थी, फिर भी इसे निरस्त कर दिया गया। यह लोकतंत्र के खिलाफ है।”
इस मामले ने महागठबंधन के अंदर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। राजद नेताओं का कहना है कि चुनाव आयोग से शीघ्र न्याय मिलने की उम्मीद है और सभी कानूनी उपाय किए जाएंगे।
वहीं, अब तक निर्वाचन आयोग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। राजनीतिक विश्लेषक इसे महागठबंधन और अन्य दलों के बीच आगामी चुनाव में संभावित झटकों का संकेत मान रहे हैं।
