बरेली: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बरेली के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना गांवों और श्रमिकों के लिए शुरू की गई थी, लेकिन कांग्रेस शासन में यह भ्रष्टाचार का प्रतीक बन गई।
कांग्रेस भ्रष्टाचार की अम्मा है
केशव मौर्य ने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की अम्मा है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस बयान का हवाला दिया, जिसमें कहा गया था कि केंद्र से भेजे गए एक रुपये में से केवल 25 पैसे ही लाभार्थियों तक पहुंचते थे। मौर्य ने कहा कि कांग्रेस सरकारों में योजनाएं कागजों तक सीमित रहीं।
मोदी सरकार में पारदर्शिता
डिप्टी सीएम ने कहा कि मौजूदा सरकार में भ्रष्टाचार पर पूरी तरह से रोक लगाई गई है। अब सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजा जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न खाऊंगा, न खाने दूंगा संकल्प के तहत सरकार पारदर्शिता से काम कर रही है।
जी-राम-जी योजना से बढ़ेगा रोजगार
उन्होंने बताया कि नई जी-राम-जी योजना के तहत पहले 100 दिन के रोजगार को बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। योजना को पीएम गति शक्ति से जोड़ा गया है। अब इसमें किसी भी एनजीओ की भूमिका नहीं होगी और श्रमिकों को सात दिनों के भीतर भुगतान किया जाएगा।
मेरठ मामले पर सख्त चेतावनी
मेरठ में हाल ही में हुई घटना को लेकर डिप्टी सीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जो भी दोषी हैं, उन्हें पाताल से भी खोजकर बाहर निकाला जाएगा और कानून के तहत सख्त सजा दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
सपा और विपक्ष पर हमला
केशव मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सपा और अन्य विपक्षी दलों को राम के नाम से परेशानी होती है। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें सरकारी योजनाओं की सही जानकारी नहीं है और वे सिर्फ राजनीति कर रहे हैं। मौर्य ने कहा कि भाजपा गरीबों के सम्मान और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
