मिर्जापुर : उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रीवा-मिर्जापुर हाईवे पर स्थित ड्रमंडगंज घाटी में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में 11 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में बोलेरो सवार नौ लोग जिंदा जल गए, जबकि एक स्विफ्ट कार सवार युवक और एक ट्रक के खलासी की भी जान चली गई।
जानकारी के मुताबिक, जिगना थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी अरुण सिंह का परिवार अपने 9 साल के बेटे शिव का मुंडन कराने मध्य प्रदेश के मैहर गया था। धार्मिक कार्यक्रम के बाद परिवार बोलेरो से वापस मिर्जापुर लौट रहा था। लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। बताया जा रहा है कि उसी दौरान मध्य प्रदेश की ओर से गिट्टी लादकर आ रहा एक ट्रेलर अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर ने पहले वाराणसी नंबर की एक स्विफ्ट कार को टक्कर मारी और उसे रौंदते हुए आगे एक ट्रक से जा भिड़ा। इसी बीच पीछे से आ रही बोलेरो भी ट्रेलर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो बुरी तरह पिचक गई और उसमें आग लग गई। चंद ही पलों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। अंदर बैठे लोग बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि बोलेरो सवार नौ लोग जिंदा जल गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को खबर दी गई। ड्रमंडगंज पुलिस, जिला प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
इस हादसे में स्विफ्ट कार सवार 26 वर्षीय जयप्रकाश, जो सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के रहने वाले थे, की भी मौत हो गई। वहीं ट्रक के एक खलासी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मिर्जापुर के जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कुल 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। एक ही परिवार के कई लोगों की मौत ने गांव में मातम पसरा दिया है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने की बात कही है।
