प्लेटफॉर्म पर आ रही थी एक्सप्रेस ट्रेन, सुरक्षाकर्मियों ने दिखाई फुर्ती, रेलवे एक्ट के तहत केस दर्ज
मेरठ / लखनऊ: उत्तर रेलवे (एनआर) के मेरठ कैंट रेलवे स्टेशन पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सेना का जवान अपनी कार लेकर सीधे प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर जा घुसा। यह घटना तब हुई जब प्लेटफॉर्म से एक एक्सप्रेस ट्रेन गुजर रही थी। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। RPF (रेलवे सुरक्षा बल) ने तुरंत हरकत में आते हुए कार और ड्राइवर को दबोच लिया।।आरोपी की पहचान सेना के जवान संदीप ढाका के रूप में हुई है, जो बागपत का रहने वाला है और मेरठ में तैनात है।
रेलवे एक्ट की धाराओं में मुकदमा
घटना देर रात के समय की है, जब एक मारुति कार तेज़ रफ्तार में स्टेशन परिसर से घुसती हुई प्लेटफॉर्म पर आ गई। उसी समय एक ट्रेन ट्रैक से गुजर रही थी। रेलवे कर्मचारी और RPF जवानों ने मुस्तैदी से कार को रोका और ड्राइवर को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके बाद में उसे गिरफ्तार कर ‘रेलवे एक्ट’ की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
जांच में जुटी है पुलिस
आरपीएफ इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह ने जानकारी दी कि आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि जवान ने ऐसा कदम क्यों उठाया। सेना के अफसरों को सूचना दे दी गई है और कुछ अधिकारी आरपीएफ थाने पहुंच भी गए हैं। मामले की जांच जारी है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें कार प्लेटफॉर्म पर दौड़ती दिख रही है, और एक ट्रेन भी ट्रैक से गुजर रही है। लोगों ने सवाल उठाया है कि स्टेशन जैसे हाई-सिक्योर ज़ोन में कार कैसे पहुंच गई। इसको लेकर सवाल जो उठ रहे हैं कि क्या यह मानसिक असंतुलन या जानबूझकर किया गया कृत्य था?। सुरक्षा घेरे को भेदना कितना आसान हो गया है।
