दो वर्षीय बेटी और एक वर्षीय बेटे को लेकर कुएं में कूदी महिला, रेस्क्यू के बाद तीनों को बाहर निकाला गया; पुलिस ने मां के बच्चों समेत कूदने की पुष्टि की
महोबा: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के प्रकाश बम्हौरी थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। एक महिला अपने दो मासूम बच्चों को लेकर घर के पास स्थित कुएं में कूद गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से तीनों को कुएं से बाहर निकाला गया, लेकिन महिला की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं दोनों बच्चों को गंभीर हालत में महोबा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
प्रकाश बम्हौरी थाना क्षेत्र के कस्बा निवासी सुरेश कुशवाहा की पत्नी भागवती सोमवार दोपहर अपनी दो वर्षीय पुत्री लक्ष्मी और एक वर्षीय पुत्र रितिक को लेकर घर के पास बने कुएं में कूद गई। परिवार खेत स्थित मकान में रहता था और मकान के सामने ही कुआं बना हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
रेस्क्यू अभियान शुरू होने के करीब 20 मिनट बाद दोनों बच्चों को कुएं से बाहर निकाल लिया गया। उन्हें गंभीर हालत में महोबा जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं महिला को करीब 45 मिनट बाद कुएं से बाहर निकाला जा सका। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
दोनों बच्चों को महोबा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हालांकि स्वजन ने पुलिस को बताया कि भाई-बहन खेलते समय कुएं में गिर गए थे। इसके बाद स्वजन किसी अन्य जानकारी देने से बचते नजर आए।
पुलिस ने महिला के दोनों बच्चों समेत कुएं में कूदने की पुष्टि की है। हालांकि महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। मामले की जांच की जा रही है।
बच्चों और महिला की मौत के बाद स्वजन ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। इसके बाद शवों को वापस ले जाया गया। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है और परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है।