हावड़ा-देहरादून ट्रेन का इंतजार कर रहे थे यात्री, हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
लखनऊ : राजधानी के चारबाग रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे बड़ा हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर लगा टिनशेड अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो यात्री और एक टीटीई घायल हो गए।
हावड़ा-देहरादून ट्रेन का इंतजार कर रहे थे यात्री
जानकारी के मुताबिक हादसे के समय यात्री हावड़ा-देहरादून ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफॉर्म पर लगा टिनशेड अचानक गिर गया। टिनशेड गिरते ही प्लेटफॉर्म पर भगदड़ जैसे हालात बन गए और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
दो यात्री और टीटीई घायल
हादसे में अभिषेक कुमार और साहिल नाम के दो यात्री घायल हो गए, जो हरिद्वार जा रहे थे। वहीं टीटीई भूपेंद्र सिंह भी हादसे में चोटिल हुए हैं। बताया जा रहा है कि एक यात्री के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। घटना के तुरंत बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को इलाज के लिए रेलवे अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद रोकी गई ट्रेन
टिनशेड गिरने के बाद एहतियात के तौर पर हावड़ा-देहरादून ट्रेन को कुछ देर के लिए रोक दिया गया। रेलवे कर्मचारियों ने मौके से मलबा हटाकर रेस्क्यू कार्य पूरा कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य की गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
चारबाग रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त स्टेशन पर टिनशेड गिरने की घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल रेलवे प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।
