हडपसर, फुगेवाड़ी और पिंपरी इलाके में मचा हड़कंप, पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई
महाराष्ट्र : पुणे में जहरीली शराब पीने से पिछले 24 घंटे के भीतर 15 लोगों की मौत हो गई। यह घटनाएं हडपसर, फुगेवाड़ी, दापोडी और पिंपरी इलाके में सामने आई हैं। लगातार हो रही मौतों के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस और आबकारी विभाग ने 8 लोगों को लिया हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और राज्य आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 8 लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों में एक अवैध शराब कारोबारी भी शामिल बताया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में शराब में मेथेनॉल मिलाए जाने की आशंका सामने आई है, जो मानव शरीर के लिए बेहद खतरनाक माना जाता है।
सीएम फडणवीस ने दिए जांच के आदेश, स्थानीय लोगों ने लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि प्रतिबंधित हाथ भट्टी की जहरीली शराब पीने से इन लोगों की जान गई है। लोगों ने पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस के नेता और पूर्व महापौर ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस बोली- सभी मौतें शराब से नहीं हुईं
पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस का कहना है कि पांच लोगों की मौत अलग-अलग कारणों से हुई है। हालांकि कई मृतकों को मौत से पहले चक्कर आने और तबीयत बिगड़ने की शिकायत हुई थी, जिससे जहरीली शराब की आशंका और गहरा गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
