पति मोबाइल पर देख रहे थे LIVE फुटेज, मानसिक तनाव में थी महिला, CCTV में कैद हुई पूरी घटना
लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ में तैनात एडिशनल एसपी मुकेश प्रताप सिंह की पत्नी नितेश सिंह की आत्महत्या मामले में नया मोड़ सामने आया है। घटना से पहले का एक सनसनीखेज सीसीटीवी वीडियो वायरल हुआ है। इसमें नितेश सिंह अपने दिव्यांग बेटे के साथ खौफनाक हरकत करती नजर आती हैं। वह पहले तकिए से मुंह दबाने, फिर हाथ से गला घोंटने की कोशिश करती हैं। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। जिसे ASP मुकेश अपने मोबाइल पर लाइव देख रहे थे। यह वीडियो 29 जुलाई का बताया जा रहा है। इसी वीडियो को लेकर दोनों के बीच झगड़ा भी हुआ था। इसके बाद नितेश ने आत्महत्या कर ली।
परिवार और पुलिस का क्या कहना है?
परिजनों ने बताया कि नितेश डिप्रेशन से जूझ रही थीं, और उनका मानसिक इलाज भी चल रहा था। बेटे की स्थिति और पारिवारिक तनाव ने उनकी मानसिक हालत को और बिगाड़ दिया था। ASP मुकेश ने घर में CCTV इसी लिए लगवाया था कि नितेश की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। हालांकि, नितेश के भाई ने ASP मुकेश पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मुकेश के किसी अन्य महिला से संबंध थे, और यही कारण था कि उनकी बहन तनाव में थी। मामले की जांच अब इन दोनों पहलुओं, मानसिक स्थिति और वैवाहिक विवाद पर केंद्रित है।
अब आगे क्या?
लखनऊ पुलिस ने इस वीडियो की फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल सबूतों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। अगर, घरेलू हिंसा या प्रताड़ना के प्रमाण मिलते हैं तो ASP पर भी कानूनी शिकंजा कस सकता है।
