पिपरी क्षेत्र के चिल्लाशहबाजी गांव के पास हुआ जोरदार विस्फोट, दर्जनों घायल; छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज, गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें सक्रिय
कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट से पूरा इलाका दहल उठा। पिपरी कोतवाली क्षेत्र के मनौरी-चिल्लाशहबाजी गांव के पास स्थित पटाखा गोदाम में हुए धमाकों से आसपास के कई मकान धराशायी हो गए। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। मौके पर एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों के साथ पुलिस और प्रशासन का बचाव अभियान जारी है।
एक के बाद एक हुए कई धमाके
बताया जा रहा है कि मनौरी निवासी पटाखा कारोबारी आदिल उर्फ वकील ने चिल्लाशहबाजी गांव के पास पटाखों का गोदाम बना रखा था। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे गोदाम में अचानक विस्फोट हो गया। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले एक के बाद एक कई धमाके होने लगे। तेज धमाकों के साथ आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और चारों तरफ धुएं का गुबार छा गया। विस्फोट की चपेट में आकर गोदाम के साथ आसपास के कई मकान भी धराशायी हो गए।
कई मकान मलबे में तब्दील
धमाके की चपेट में धारा सिंह, गुप्ता लाइट वाले, राखी गुप्ता और बच्चा लाल समेत कई लोगों के मकान आ गए। देखते ही देखते कई भवन मलबे में बदल गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में लोग घायल होकर इधर-उधर पड़े मिले। ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
दर्जनों लोग झुलसे, अस्पतालों में भर्ती
घटना में करीब तीन दर्जन से अधिक लोगों के गंभीर रूप से झुलसने की जानकारी सामने आई है। घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल भेजा गया।मौके पर कई एंबुलेंस लगाई गईं। आग पर काबू पाने के लिए पांच से अधिक दमकल वाहनों का इस्तेमाल किया गया। वहीं मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए छह से अधिक जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है।
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें जुटीं
हादसे की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंच गई हैं। मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों और शवों की तलाश की जा रही है। एडीजी ज्योति नारायण, आईजी अजय पाल शर्मा, जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा और पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घटना के बाद पिपरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं और विस्फोटक अधिनियम के तहत नौशाद, शकील, शबाना, कहकसा बानो, आदिल और साइना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें सक्रिय कर दी हैं। हादसे की वजह और पटाखा फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की जा रही है।
मृतकों में कई बच्चे शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों में कई मासूम बच्चे भी शामिल हैं। सामने आई मृतकों की सूची इस प्रकार है—
- प्रियांजलि – 5 वर्ष
- प्रवीण सिंह – 13 वर्ष
- जाह्नवी – 12 वर्ष
- आदित्य – 12 वर्ष
- रवि – 8 वर्ष
- ज्ञान सिंह – 40 वर्ष
- आदित्य – 8 वर्ष
- अंजू – 32 वर्ष
- विक्रम सरोज – 35 वर्ष
- अंश – 6 वर्ष
- नन्हा – 4 वर्ष
मलबे में अपनों की तलाश
विस्फोट के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। मलबे के बीच परिजन अपनों की तलाश कर रहे हैं। राहत एवं बचाव दल लगातार मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकालने में जुटे हैं। प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की संख्या की पुष्टि तथा हादसे की पूरी वजह की जांच की जा रही है।
