बारिश के बीच घर के आंगन की जमीन धंसी, गड्ढे में समाई युवती
कानपुर : महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में शुक्रवार सुबह तेज बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। किसान विनोद सविता के घर के आंगन में अचानक जमीन धंस गई और करीब 18 वर्षीय बेटी यशी उसी गहरे गड्ढे में समा गई। बताया जा रहा है कि यशी सुबह बाथरूम गई थी। बाथरूम से बाहर निकलकर जैसे ही वह आंगन में पहुंची, उसी दौरान तेज आवाज के साथ जमीन धंस गई। अचानक बने गड्ढे में युवती गिर गई और ऊपर से मिट्टी गिरने के कारण वह उसमें दब गई। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों ने बेटी को जमीन में समाते देखा तो उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
लगातार बारिश के चलते रेस्क्यू में आई चुनौती
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लगातार बारिश और मिट्टी के धंसने के खतरे के कारण कोई भी गड्ढे में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सका। सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ को भी बुलाया गया। इसके बाद युवती को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। एनडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन को लीड कर रही है और घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है।
बैकहो लोडर से बगल की मिट्टी हटाकर रेस्क्यू
युवती को निकालने के लिए सीधे गड्ढे में उतरने के बजाय आसपास की मिट्टी को सावधानीपूर्वक हटाया जा रहा है। इसके लिए बैकहो लोडर की मदद ली जा रही है। बताया गया कि गड्ढे के आसपास की जमीन भी बारिश के कारण कमजोर है। ऐसे में रेस्क्यू टीम बेहद सावधानी से खुदाई कर रही है, ताकि मिट्टी दोबारा न धंसे और युवती तक सुरक्षित पहुंच बनाई जा सके। फिलहाल यशी को सकुशल बाहर निकालने के लिए एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।
चार बहनों और एक भाई में एक है यशी
परिजनों के मुताबिक यशी चार बहनों और एक भाई में है। रक्षाबंधन के त्योहार से ठीक पहले हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है। यशी के अचानक जमीन में समा जाने के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में भी शोक और चिंता का माहौल है। ग्रामीण भी रेस्क्यू ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए हैं और युवती के सकुशल बाहर निकलने की प्रार्थना कर रहे हैं।
एसीपी ने बताया- बारिश के कारण मिट्टी धंसने से हुआ हादसा
एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया बारिश के कारण मिट्टी धंसने से हादसा हुआ है। युवती को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य शुरू करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ की टीम मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है। बैकहो लोडर की मदद से आसपास की मिट्टी हटाई जा रही है, ताकि युवती तक पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और प्रशासन की प्राथमिकता युवती को जल्द से जल्द सकुशल बाहर निकालना है।
