कानपुर में घर में घुसकर महिला को गोली मारी, बहन के विवाद में बीच-बचाव करने पहुंची थी चांदनी
पति-पत्नी के विवाद के बाद घर पहुंचे युवकों ने किया हंगामा, बीच-बचाव करने आई 30 वर्षीय चांदनी को मारी गोली
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में पारिवारिक विवाद के बाद घर में घुसकर महिला की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। घटना कैंट थाना क्षेत्र के सत्तीचौरा इलाके की है, जहां रविवार शाम बाइक से पहुंचे युवकों ने घर में घुसकर 30 वर्षीय चांदनी निषाद को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल चांदनी को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पति-पत्नी के विवाद से शुरू हुआ मामला
पुलिस के मुताबिक, घटना की शुरुआत पति-पत्नी के विवाद से हुई। बताया जा रहा है कि शाम करीब पांच बजे सरोजनी निषाद के पति संतोष घर पहुंचे थे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के दौरान सरोजनी ने संतोष को तमाचा मार दिया। इसके बाद संतोष वहां से चला गया। आरोप है कि करीब दो घंटे बाद संतोष का भाई विनोद अपने कुछ साथियों के साथ दो बाइकों पर सवार होकर सरोजनी के घर पहुंचा।
हंगामे के दौरान चांदनी को मारी गोली
आरोप है कि घर पहुंचते ही विनोद और उसके साथियों ने हंगामा शुरू कर दिया। वे संतोष को तमाचा मारे जाने को लेकर विवाद करने लगे। इसी दौरान सरोजनी की छोटी बहन चांदनी निषाद ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान विनोद ने तमंचा निकालकर चांदनी को गोली मार दी। गोली लगते ही चांदनी जमीन पर गिर गईं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गोली लगने के बाद परिजन चांदनी को तत्काल केपीएम अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलने पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश
पुलिस ने परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पति-पत्नी के विवाद के बाद बदले की कार्रवाई का पहलू सामने आया है। पुलिस की टीमें नामजद और अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद वारदात की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।
शव रखकर हाईवे पर हंगामे के बाद पुलिस से भी हुआ विवाद
चांदनी की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव रखकर हाईवे पर हंगामा भी किया। स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान पुलिसकर्मियों से विवाद हो गया और एक पुलिसकर्मी के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई करनी पड़ी। फिलहाल पुलिस हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
