बदायूं/बरेली : एंटी करप्शन टीम ने विद्युत विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी अधिकारी को 20 हजार रुपये की घूस लेते हुए मौके पर गिरफ्तार किया गया।शिकायतकर्ता अमरजीत सिंह ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि उनकी मां के नाम नलकूप के बिजली कनेक्शन के लिए एस्टीमेट तैयार करने के बदले अवर अभियंता प्रदीप बाबू भारती द्वारा 20 हजार रुपये की मांग की जा रही है।
गांव में लगे बिल जमा कैंप में पकड़ा गया आरोपी
शिकायत की जांच के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजना बनाकर ग्राम रसूलपुर बिलहरी में आयोजित बिजली बिल जमा कैंप में कार्रवाई की। जैसे ही आरोपी जूनियर इंजीनियर ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने तुरंत उसे पकड़ लिया।
टीम प्रभारी ने संभाली पूरी कार्रवाई
इस ऑपरेशन का नेतृत्व एंटी करप्शन टीम बरेली के निरीक्षक प्रवीण सान्याल ने किया। उनकी टीम ने पूरी प्रक्रिया को नियमानुसार अंजाम दिया और आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी प्रदीप बाबू भारती के खिलाफ थाना सिविल लाइन बदायूं में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
