बरेली: एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) यूनिट बरेली और थाना मीरगंज की टीम ने तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और हेरोइन बनाने में इस्तेमाल होने वाला खतरनाक रासायनिक केमिकल बरामद किया है। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।
रामपुर हाईवे पर रात में हुई कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सूचना पर एएनटीएफ और मीरगंज थाना पुलिस की टीम ने रामपुर हाईवे पर हुरहुरी मोड़ के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान एक इनोवा कार को रोका गया, जिसमें सवार तीन लोगों की तलाशी लेने पर नशीले पदार्थ और केमिकल बरामद हुए।
केमिकल और स्मैक की भारी खेप बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 52.5 किलोग्राम एसिटिक एनहाइड्राइड, 640 ग्राम अवैध स्मैक/हेरोइन, तीन मोबाइल फोन और 1 लाख 3 हजार 520 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही इनोवा कार को भी सीज कर दिया गया है।
गिरफ्तार तस्करों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमेन्द्र निवासी बहोरपुरा थाना बिनावर जिला बदायूं, मनोज निवासी ग्राम औंध थाना फतेहगंज पश्चिमी और शाकिर निवासी ग्राम साहासा थाना विशारतगंज के रूप में हुई है।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हेरोइन और स्मैक बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल एसिटिक एनहाइड्राइड की सप्लाई करते थे। वे यह केमिकल करीब दो हजार रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदते थे और इसके बदले स्मैक और नकदी लेकर आसपास के जिलों में नशीले पदार्थों की सप्लाई करते थे। पकड़े जाने के दिन भी वे इसी सौदे के लिए मौके पर पहुंचे थे।
