बरेली : पासपोर्ट से जुड़ी समस्याओं का समाधान अब और आसान होने जा रहा है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय, बरेली की ओर से 10 जनवरी (शनिवार) को एक विशेष पासपोर्ट अदालत का आयोजन किया जा रहा है। यह पासपोर्ट अदालत विकासज्योति व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स, द्वितीय तल, बीडीए कार्यालय के समीप, प्रियदर्शिनी नगर स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय में लगेगी। इस पासपोर्ट अदालत की सबसे बड़ी खासियत यह है कि आवेदकों को किसी भी प्रकार का पूर्व अपॉइंटमेंट लेने की जरूरत नहीं होगी।
लंबित मामलों का समाधान
जिन लोगों के पासपोर्ट से जुड़े मामले लंबित हैं या जिनकी शिकायतों का निस्तारण नहीं हो पा रहा है, वे निर्धारित समय के भीतर सीधे कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या अधिकारियों के सामने रख सकेंगे। मौके पर ही मामलों के निस्तारण का प्रयास किया जाएगा। दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने साफ किया है कि पासपोर्ट अदालत में आने वाले सभी आवेदक अपने आवेदन से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेजों की मूल प्रतियां साथ लेकर आएं। दस्तावेज अधूरे होने की स्थिति में शिकायत का निस्तारण संभव नहीं हो पाएगा।
पासपोर्ट सेवा केंद्र भी रहेंगे खुले
बढ़ती अपॉइंटमेंट मांग को देखते हुए 10 जनवरी को पासपोर्ट सेवा केंद्र बरेली और क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत आने वाले सभी पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) भी सामान्य कार्यदिवस की तरह खुले रहेंगे। इसके तहत एक विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक आवेदकों को राहत मिल सके।
1400 विशेष ऑनलाइन अपॉइंटमेंट जारी
विशेष व्यवस्था के तहत कुल 1400 ऑनलाइन अपॉइंटमेंट जारी किए गए हैं। पासपोर्ट सेवा केंद्र, बरेली के 800 अपॉइंटमेंट, पीओपीएसके बिजनौर, मुरादाबाद, पीलीभीत, रामपुर, नगीना : 90-90 अपॉइंटमेंट
पीओपीएसके अमरोहा, बदायूं, शाहजहांपुर : 50-50 अपॉइंटमेंट। ये सभी अपॉइंटमेंट पासपोर्ट सेवा की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए गए हैं। इसके अलावा, रोजाना जारी होने वाले अपॉइंटमेंट की संख्या में भी 100 की बढ़ोतरी की गई है।
आवेदकों को मिलेगी बड़ी राहत
पासपोर्ट कार्यालय के इस कदम से उन आवेदकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जिनके आवेदन तकनीकी या दस्तावेजी कारणों से अटके हुए थे। अधिकारी उम्मीद जता रहे हैं कि पासपोर्ट अदालत और विशेष अभियान के जरिए लंबित मामलों का तेजी से निस्तारण किया जा सकेगा। पासपोर्ट बनवाने के इच्छुक आवेदकों से अपील की गई है कि वे समय रहते ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक करें या 10 जनवरी को पासपोर्ट अदालत में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठाएं।
