लखनऊ : दिल्ली से पश्चिम बंगाल के बागडोगरा जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब विमान में बम होने की सूचना मिली। सुरक्षा अलर्ट मिलते ही विमान को लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया और इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8 बजकर 46 मिनट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इंडिगो की फ्लाइट 6E-6650 में बम होने की सूचना प्राप्त हुई। इसके बाद तत्काल सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करते हुए विमान को लखनऊ डायवर्ट किया गया, जहां सुबह 9 बजकर 17 मिनट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
लैंडिंग के तुरंत बाद सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया। फ्लाइट में 230 यात्री सवार थे, जिनमें 8 बच्चे शामिल थे। इसके अलावा 6 क्रू मेंबर और 2 पायलट भी विमान में मौजूद थे। सभी यात्रियों को जांच के बाद सुरक्षित टर्मिनल में ले जाया गया, जबकि विमान को आइसोलेशन बे में खड़ा कर दिया गया।
जांच के दौरान विमान के बाथरूम में एक नैपकिन पर लिखा हुआ संदेश मिला, जिसमें लिखा था कि प्लेन में बम है। एक यात्री की नजर इस पर पड़ी, जिसके बाद उसने तुरंत क्रू मेंबर को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया और विमान को लखनऊ उतारने का निर्णय लिया गया।
लखनऊ एयरपोर्ट पर बम निरोधक दस्ता, फायर ब्रिगेड, मेडिकल टीम और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। विमान के अंदर और बाहर गहन तलाशी अभियान चलाया गया। यात्रियों के सभी लगेज और कार्गो कंपार्टमेंट की भी बारीकी से जांच की गई। एयरपोर्ट सूत्रों ने यह भी बताया कि बम की सूचना के साथ यह जानकारी भी सामने आई थी कि विमान के लगेज कंपार्टमेंट में पैक्ड रेडियोएक्टिव सामग्री मौजूद है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बॉम्ब थ्रेट असेसमेंट कमेटी का गठन किया गया, जिसने पूरे मामले का विस्तृत आकलन किया।
करीब आठ घंटे तक चली जांच के बाद यह स्पष्ट हो गया कि बम की सूचना पूरी तरह झूठी थी। विमान में किसी भी प्रकार की विस्फोटक या खतरनाक सामग्री नहीं पाई गई। जांच पूरी होने के बाद शाम करीब 4 बजकर 40 मिनट पर विमान को यात्रियों के साथ उसके गंतव्य बागडोगरा के लिए रवाना कर दिया गया।
इंडिगो एयरलाइंस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि सुरक्षा से जुड़ी आशंका के चलते विमान को लखनऊ डायवर्ट किया गया था और सभी निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन किया गया। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि यात्रियों, क्रू और विमान की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि धमकी भरा संदेश किसने और किस उद्देश्य से विमान में छोड़ा था।
