लखनऊ : राजधानी में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब इनकम टैक्स विभाग की टीम ने बहुजन समाज पार्टी के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पर छापेमारी की। यह कार्रवाई गोमतीनगर स्थित उनके घर और दफ्तर पर की गई, जहां सुबह करीब 7 बजे आयकर विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ पहुंची। सूत्रों के मुताबिक, इस छापेमारी में 50 से ज्यादा अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। टीम वित्तीय लेनदेन, संपत्ति और दस्तावेजों से जुड़े रिकॉर्ड्स की गहन जांच कर रही है। अचानक हुई इस कार्रवाई से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
कैंसर से पीड़ित विधायक, कार्रवाई पर सियासी हलचल
बताया जा रहा है कि रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक उमाशंकर सिंह इस समय गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। वह कैंसर से पीड़ित हैं और अब तक उनके दो ऑपरेशन हो चुके हैं। फिलहाल वह लखनऊ स्थित अपने आवास पर आइसोलेशन में रह रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, छापेमारी के दौरान डॉक्टर और नर्स के आने-जाने पर भी रोक लगाई गई है, जिसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उमाशंकर सिंह न सिर्फ बसपा के इकलौते विधायक हैं, बल्कि वह पीडब्ल्यूडी के बड़े ठेकेदार भी माने जाते हैं। हाल के दिनों में उनका नाम तब चर्चा में आया था, जब बलिया में एक पुल के उद्घाटन को लेकर स्थानीय मंत्री दयाशंकर सिंह से उनकी जुबानी जंग सुर्खियों में रही।
फिलहाल आयकर विभाग की टीम इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच में जुटी हुई है। हालांकि, विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं और सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि जांच में क्या कुछ सामने आता है।
