संभल/बरेली/बिजनौर : उत्तर प्रदेश में आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई जारी है। बुधवार सुबह तड़के विभाग की टीमों ने संभल, बरेली और बिजनौर जिलों में स्थित चार शुगर मिलों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के मुताबिक, रेड गोयल ग्रुप की शुगर मिल्स पर की जा रही है, जिन पर टैक्स चोरी के आरोप हैं। सुबह करीब 7 बजे दिल्ली और लखनऊ से आई इनकम टैक्स टीमों ने कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि 60 से 70 गाड़ियों का काफिला और 100 से अधिक अधिकारी इस ऑपरेशन में शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान पीएसी के जवानों ने पूरे मिल परिसर को अपने कब्जे में ले लिया, वहीं मिलों के सभी गेट सील कर दिए गए। अधिकारी वित्तीय रिकॉर्ड, फाइलों और कंप्यूटर सिस्टम की गहन जांच कर रहे हैं। कर्मचारियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं और अंदर-बाहर आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ये सभी मिलें व्यवसायी गौरव गोयल के स्वामित्व वाली हैं। उनके ग्रुप की यूनिटें रामपुर और उत्तराखंड के काशीपुर में भी हैं, हालांकि वे फिलहाल बंद हैं।

जिन शुगर मिल्स पर छापेमारी चल रही है, उनमें
संभल जिले की रजपुरा स्थित धामपुर शुगर मिल
असमोली की धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स लिमिटेड
बरेली के मीरगंज की धामपुर बायो ऑर्गेनिक लिमिटेड
बिजनौर की एक यूनिट शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, धामपुर शुगर मिल एशिया की सबसे बड़ी शुगर मिलों में गिनी जाती है। मौके पर मौजूद स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सुबह-सुबह गाड़ियों का काफिला देख कर आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मिल के बाहर जुटने लगे। वहीं, सुबह की शिफ्ट में पहुंचने वाले कर्मचारी और मजदूरों को भी गेट के बाहर ही रोक दिया गया। फिलहाल आयकर विभाग की कार्रवाई जारी है। विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
