मथुरा के वसंत विहार कॉलोनी में गुरुवार शाम हुआ हंगामा, देवरानी-जेठानी के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल; पुलिस पति-पत्नी को थाने ले गई
मथुरा: करवाचौथ के दिन जहां महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रख रही थीं, वहीं मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र की वसंत विहार कॉलोनी में एक पारिवारिक विवाद ने हंगामे का रूप ले लिया। गुरुवार शाम करीब सात बजे कथित प्रेमी से मिलने पहुंची एक विवाहिता को उसके पति ने मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद परिवार की महिलाओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पति को मिली पत्नी के कॉलोनी में पहुंचने की जानकारी
जानकारी के मुताबिक, छटीकरा निवासी युवक की शादी करीब 15 साल पहले धौलपुर निवासी महिला से हुई थी। दंपती के चार बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि महिला का गांव के ही एक युवक से कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था। गुरुवार को पति को जानकारी मिली कि उसकी पत्नी वसंत विहार कॉलोनी स्थित एक मकान में पहुंची है। इसके बाद वह भी मौके पर पहुंच गया और पुलिस को सूचना दे दी। बताया जा रहा है कि महिला वहां कथित प्रेमी से मिलने पहुंची थी।
देवरानी-जेठानी के बीच मारपीट, वीडियो वायरल
सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। इसी दौरान परिवार की महिलाओं के बीच विवाद बढ़ गया। कहासुनी के बाद देवरानी और जेठानी आपस में भिड़ गईं और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया। हंगामे के बीच कथित प्रेमी मौके से भाग निकला। बताया गया कि वह मथुरा की एक कंपनी में काम करता है और कॉलोनी में किराये पर रहता था। घटना की जानकारी मिलने पर मकान मालिक भी मौके पर पहुंच गए।
पति-पत्नी को थाने ले गई पुलिस
पुलिस पति-पत्नी को थाने ले गई। मामले को लेकर सीओ प्रवीण तिवारी ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली थी। तहरीर मिलने के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, घटना के बाद कॉलोनी में हुए हंगामे और महिलाओं के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
