फोन कॉल से सावधान! खुद को बोर्ड कर्मचारी बताकर कर रहे ठगी, यहां करें शिकायत
बरेली : उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UP Board) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा का मूल्यांकन कार्य पूरा हो चुका है और अब छात्रों को रिजल्ट का इंतजार है। इसी बीच साइबर ठग सक्रिय हो गए हैं, जो छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को निशाना बना रहे हैं।
नंबर बढ़ाने का झांसा, रुपये की मांग
बरेली क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, साइबर अपराधी परीक्षार्थियों को फोन कॉल कर खुद को बोर्ड का कर्मचारी बता रहे हैं। वे छात्रों को उनके अंकों का झूठा विवरण देकर “नंबर बढ़वाने” का लालच दे रहे हैं और इसके बदले रुपये मांग रहे हैं।
बोर्ड ने किया अलर्ट
क्षेत्रीय सचिव मुन्ने अली ने मीडिया से साफ कहा है कि परिषद कभी भी किसी छात्र या अभिभावक से व्यक्तिगत रूप से संपर्क नहीं करता है। अंकों में बदलाव या सुधार के लिए फोन पर कोई प्रक्रिया नहीं होती है। इसलिए ऐसे किसी भी कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें।पुलिस और साइबर टीम जांच में जुटी हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से ऐसे साइबर ठगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि पकड़े जाने पर आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
क्या करें, क्या न करें
किसी अनजान कॉल पर अपनी पर्सनल जानकारी, रोल नंबर या बैंक डिटेल्स साझा न करें। नंबर बढ़ाने या रिजल्ट बदलने के नाम पर पैसे देने से बचें। संदिग्ध कॉल को रिकॉर्ड करें और तुरंत सूचना दें। अगर किसी को इस तरह का कॉल आता है तो, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करें,। या अपने जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) को तुरंत सूचित करें।
