अमित शर्मा मृतक की फोटो
बरेली : यूपी के बरेली देहात के भमोरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे पोल से जा टकराई। इस हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौके पर ही जान चली गई।
शहर से लौट रहे थे दोनों दोस्त

मृतकों की पहचान बिशारतगंज निवासी 20 वर्षीय अमित और बदायूं के बिनावर निवासी 25 वर्षीय रोहित शर्मा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों दोस्त किसी काम से बरेली आए थे और देर रात बाइक से वापस बिशारतगंज लौट रहे थे।
अंडरपास के पास हादसा, हेलमेट नहीं था
जैसे ही दोनों युवक रम्पुरा गांव के पास रेलवे अंडरपास को पार कर रहे थे, तभी उनकी बाइक अचानक बेकाबू हो गई और पोल से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि सड़क की हालत खराब थी और बाइक की रफ्तार भी ज्यादा थी। साथ ही, दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे चोट ज्यादा गंभीर हुई।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही दोनों के घरों में कोहराम मच गया और परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानें क्या बोली पुलिस?
भमोरा थाना पुलिस ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।
