बदायूं : उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के उझानी कोतवाली क्षेत्र में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बरेली–मथुरा हाईवे पर रोडवेज बस और निजी बस की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि निजी बस के परखच्चे उड़ गए। निजी बस में बराती सवार थे, जो शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसे में तीन बरातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
कासगंज से शाहजहांपुर गई थी बरात, लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, कासगंज के सहावर थाना क्षेत्र के गांव नगला भम्मा निवासी प्रेमपाल के बेटे राजवीर की शादी शनिवार को शाहजहांपुर के बारह कलां में हुई थी। शादी के बाद रविवार सुबह करीब पांच बजे बरातियों से भरी निजी बस वापस कासगंज लौट रही थी। जैसे ही बस उझानी कोतवाली क्षेत्र के गांव जिरौलिया के पास बरेली–मथुरा हाईवे पर पहुंची, तभी सामने से आ रही बदायूं डिपो की रोडवेज बस से उसकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे में ईशेपुर निवासी योगेश (32), बीवी सलेमपुर निवासी सोनू (21) और कछला के वार्ड नंबर पांच निवासी किशन (14) की मौत हो गई। वहीं 12 बराती घायल हो गए, जिनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।
चीख-पुकार, जाम और अस्पताल में इलाज जारी
हादसे के समय निजी बस में करीब 55 लोग सवार थे। टक्कर होते ही बस का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर बैठे लोगों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल मुन्नालाल, सत्यवीर, निछत्र पाल और राम सुशील को बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं हाईवे पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बसों को हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। इस दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया।
