बरेली : यूपी के बरेली शहर के कोतवाली क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित इस्लामिया इंटर कॉलेज में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। कॉलेज का गेट बंद होने के बावजूद दो दबंग युवकों पर कार लेकर जबरन कॉलेज परिसर में घुसने की कोशिश की, और गेट का ताला तोड़ डाला। यह घटना तब घटी जब कॉलेज मैदान के पश्चिमी गेट (जो बिहारीपुर पुलिस चौकी के सामने है) को छुट्टी के बाद बंद कर दिया गया था। दोनों युवकों पर छोटे गेट से अंदर दाखिल होने, और फिर मुख्य गेट का ताला ईंट से तोड़ने का आरोप लगा है।
चौकीदार और मजदूरों ने किया विरोध, तो जान से मारने की धमकी का आरोप
शोर सुनकर चौकीदार मजहर खां और निर्माण कार्य में लगे मजदूर मौके पर पहुंचे और युवकों को रोकने की कोशिश की। इस पर दोनों युवकों ने बदसलूकी करते हुए गालीगलौज और धमकियां दीं।
अगर दोबारा गेट बंद किया तो स्कूल बंद करा देंगे
ताला तोड़ने के बाद आरोपी गाड़ी लेकर बाहर निकल गए और जाते-जाते धमकी दी कि गेट दोबारा बंद किया गया तो पूरा स्कूल बंद करा देंगे।
FIR दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
कॉलेज के प्रधानाचार्य तौकीर सिद्दीकी ने इस घटना को सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया और तत्काल कोतवाली थाने में तहरीर दी। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिससे आमजन में रोष है और कॉलेज प्रशासन सुरक्षा को लेकर चिंतित है।
