गढ़मुक्तेश्वर में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना, प्रशासन ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी
हापुड़ : गंगा दशहरा पर्व को लेकर हापुड़ प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। 25 मई को गंगा दशहरा के अवसर पर गढ़मुक्तेश्वर में लाखों श्रद्धालुओं के गंगा स्नान के लिए पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। इसके तहत 23 मई सुबह 8 बजे से 26 मई रात 12 बजे तक दिल्ली-गाजियाबाद से गढ़मुक्तेश्वर जाने वाले नेशनल हाईवे-9 पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। प्रशासन के मुताबिक इन दिनों भारी और हल्के मालवाहक वाहनों का हाईवे पर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। जरूरत पड़ने पर कुछ समय के लिए जीरो ट्रैफिक व्यवस्था भी लागू की जा सकती है। एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और जाम की स्थिति से बचाव के लिए यह विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है।
चार वैकल्पिक मार्गों से गुजरेंगे वाहन
दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहनों को मसूरी, धौलाना, गुलावठी, बुलंदशहर, नरौरा, बबराला, बहजोई, डिबाई और चंदौसी मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं हापुड़ से मुरादाबाद जाने वाले वाहन सोना पेट्रोल पंप से डायवर्ट होकर इसी वैकल्पिक मार्ग से गुजरेंगे। इसके अलावा हापुड़ से गजरौला, अमरोहा और मुरादाबाद की ओर जाने वाले वाहन खुडलिया अंडरपास से यू-टर्न लेकर गंगा एक्सप्रेसवे, हसनपुर और गंवा कट के रास्ते भेजे जाएंगे। मेरठ और मवाना की ओर से आने वाले भारी वाहनों को भी गजरौला, हसनपुर और गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए डायवर्ट किया जाएगा।
वहीं मुरादाबाद से दिल्ली और गाजियाबाद की ओर आने वाले वाहनों को चंदौसी, गुन्नौर, नरौरा, डिबाई और बुलंदशहर के रास्ते भेजा जाएगा। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
