व्हाट्सएप पर आया शादी का कार्ड बना मुसीबत, साइबर ठगों ने मिनटों में खाते किए खाली
बरेली : बरेली में साइबर अपराधियों ने ठगी का एक नया और बेहद खतरनाक तरीका अपनाते हुए एक युवक के बैंक खाते से करीब साढ़े पांच लाख रुपये उड़ा दिए। शातिर ठगों ने व्हाट्सएप पर शादी के निमंत्रण कार्ड की पीडीएफ भेजी और जैसे ही युवक ने फाइल खोली, उसका मोबाइल साइबर जाल में फंस गया। कुछ दिनों बाद जब बैंक खाता चेक किया गया, तो लाखों रुपये गायब मिले। मामले की शिकायत साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई गई है।
शादी का कार्ड समझकर खोली PDF, फिर शुरू हुआ खेल
जानकारी के मुताबिक, बरेली के शाही थाना क्षेत्र के दुनका निवासी नितिन गुप्ता के व्हाट्सएप पर 22 अप्रैल को “साजिद” नाम के युवक की ओर से शादी का कार्ड भेजा गया था। कार्ड पीडीएफ फाइल के रूप में था। नितिन ने सामान्य निमंत्रण समझकर जैसे ही फाइल खोली, उनके मोबाइल से व्हाट्सएप स्वतः डिलीट हो गया।
दो महीने बाद खुली व्हाट्सएप, डाटा। गायब
कुछ समय बाद जब उन्होंने दोबारा व्हाट्सएप इंस्टॉल किया, तो करीब दो महीने का डाटा गायब मिला। तकनीकी जानकारी न होने के कारण उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया। लेकिन 5 मई को बैंक खाते की जांच करने पर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। खाते से कुल 5 लाख 41 हजार 85 रुपये निकाले जा चुके थे।
साइबर थाने में दर्ज हुई रिपोर्ट
रकम गायब होने के बाद पीड़ित ने तुरंत साइबर क्राइम थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। आशंका जताई जा रही है कि पीडीएफ फाइल के जरिए मोबाइल में मालवेयर या स्पाइवेयर इंस्टॉल किया गया, जिसके माध्यम से बैंकिंग और निजी जानकारी साइबर ठगों तक पहुंच गई।
तेजी से बढ़ रहे हैं “PDF Scam” और “APK Fraud”
साइबर विशेषज्ञों के अनुसार, इन दिनों व्हाट्सएप, टेलीग्राम और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शादी कार्ड, बिजली बिल, कुरियर, बैंक अपडेट और केवाईसी के नाम पर फर्जी पीडीएफ या लिंक भेजकर लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। कई मामलों में फाइल के अंदर हानिकारक लिंक या ऐप छिपे होते हैं, जिन पर क्लिक करते ही मोबाइल का एक्सेस ठगों के पास पहुंच जाता है।
साइबर ठगी से बचने के लिए बरतें ये सावधानियां
अनजान नंबर से आई पीडीएफ या फाइल कभी न खोलें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक डिटेल किसी के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी सेटिंग मजबूत रखें। किसी ऑफर, इनाम या लॉटरी के झांसे में न आएं। ओटीपी, यूपीआई पिन और बैंक संबंधी जानकारी किसी को न बताएं। वीडियो कॉल पर अश्लील रिकॉर्डिंग बनाकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोहों से सतर्क रहें। ठगी होते ही तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें। ऑनलाइन शिकायत के लिए cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट दर्ज करें।
पुलिस ने की ये अपील
साइबर सेल ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल पर आने वाले किसी भी अनजान मैसेज, लिंक या फाइल को बिना जांचे न खोलें। थोड़ी सी लापरवाही आपकी मेहनत की कमाई को खतरे में डाल सकती है।
