फर्रुखाबाद: ज़िले के कमालगंज विकासखंड के जरारी गांव के मजरा खलासपुर में एक दर्दनाक पारिवारिक घटना के बाद बेसहारा हुए बच्चों की मदद के लिए समाजवादी पार्टी के नेता आगे आए हैं। मां की हत्या और पिता के जेल जाने के बाद सात छोटे बच्चों के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया था। ऐसे में समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव और पार्टी पदाधिकारियों ने बच्चों के लिए राशन, कपड़े और रोजगार की व्यवस्था कर मदद का हाथ बढ़ाया।
मां की हत्या के बाद टूट गया परिवार
जानकारी के मुताबिक जनवरी 2026 में सांचेलाल कठेरिया ने अपनी पत्नी अनीता देवी की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। पत्नी की हत्या के आरोप में सांचेलाल जेल भेज दिए गए। मां की मौत और पिता के जेल जाने के बाद आठ बच्चे बेसहारा हो गए। इसी बीच पिछले महीने बच्चों की देखभाल कर रहे सबसे बड़े भाई की भी मौत हो गई। इसके बाद सात छोटे बच्चे पूरी तरह असहाय हो गए और परिवार के सामने खाने-पीने तक का संकट पैदा हो गया।
अजीत यादव ने राशन के साथ कराई रोजगार की व्यवस्था
समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता राधेश्याम सविता ने बताया कि गांव के लोगों के माध्यम से जब यह जानकारी पार्टी नेताओं तक पहुंची तो जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव अपने सहयोगियों के साथ बच्चों के घर पहुंचे। वहां बच्चों के लिए आटा, चावल, दाल, तेल समेत जरूरी राशन सामग्री और गैस सिलेंडर की व्यवस्था कराई गई। इसके अलावा सबसे बड़ी बेटी की सहमति के बाद उसके लिए लकड़ी की दुकान की व्यवस्था कर सामान भरवाकर घर के बाहर रखवाई गई ताकि बच्चों के लिए आय का एक साधन तैयार हो सके।
नेताओं ने बच्चों की हरसंभव मदद का दिया भरोसा
दुकान का उद्घाटन समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दुकान के जरिए बच्चे आत्मनिर्भर बन सकेंगे और पार्टी भविष्य में भी उनकी हरसंभव मदद करती रहेगी। जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि बच्चों को कपड़े भी उपलब्ध कराए गए हैं और उनके लिए रोजगार का स्थायी इंतजाम किया गया है। वहीं जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने कहा कि एक क्षण के गुस्से ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया और अब समाज के सक्षम लोगों को ऐसे बच्चों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।
