पतारा गांव के कंपोजिट स्कूल में निरीक्षण के दौरान बच्चों ने बताया- पानी मिली दाल और खराब रोटी मिलती है, मट्ठा मिलाकर दिया जाता है दूध; गणित शिक्षक पर मारपीट का आरोप
हमीरपुर: जिले में सरकारी प्राथमिक विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था और सुविधाओं की जमीनी स्थिति जानने के लिए जिलाधिकारी अशोक कुमार निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में वह कुरारा क्षेत्र के पतारा गांव स्थित कंपोजिट स्कूल पहुंचे। निरीक्षण के दौरान बच्चों से बातचीत में स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर कई शिकायतें सामने आईं। बच्चों ने मिड-डे मील की गुणवत्ता और एक शिक्षक के व्यवहार को लेकर शिकायत की। डीएम ने मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक बिजेंद्र कुमार को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
डीएम ने बच्चों से सुना 12 और 13 का पहाड़ा
स्कूल पहुंचने पर डीएम अशोक कुमार ने बच्चों से पढ़ाई को लेकर बातचीत की। उन्होंने बच्चों से सवाल पूछे और पूछा कि किस बच्चे को 12 का पहाड़ा आता है। इस पर एक बच्चे ने खड़े होकर 12 का पहाड़ा सुना दिया। इसके बाद डीएम के सवाल पर एक अन्य बच्चे ने 13 का पहाड़ा भी सुनाया। ब्लैक बोर्ड पर बच्चों से गुणा और भाग के सवाल हल करने को कहा गया तो तीन बच्चों ने कुछ ही सेकंड में सवाल हल कर दिए। डीएम ने बच्चों की शैक्षणिक क्षमता को देखते हुए स्कूल में पठन-पाठन की स्थिति को अच्छा बताया।
बच्चों ने मिड-डे मील को लेकर की शिकायत
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बच्चों से पूछा कि उन्हें स्कूल में मिलने वाला दोपहर का भोजन कैसा लगता है। बच्चों ने सामूहिक रूप से भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की। बच्चों ने आरोप लगाया कि उन्हें पानी मिली दाल और खराब रोटी खाने के लिए दी जाती है। दूध में मट्ठा मिलाकर दिए जाने की शिकायत भी बच्चों ने की। बच्चों की शिकायत सुनकर डीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकेश खरवार को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने भोजन की गुणवत्ता को लेकर दिए निर्देश
डीएम ने निर्देश दिया कि स्कूल में दोपहर का भोजन तैयार करने में अच्छी गुणवत्ता के मसाले और तेल का इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने कहा कि भोजन बच्चों को परोसने से पहले विद्यालय की समिति के सदस्य उसे चखकर गुणवत्ता की जांच करें। डीएम ने स्पष्ट किया कि मिड-डे मील में किसी भी तरह की लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गणित शिक्षक पर मारपीट का आरोप
निरीक्षण के बाद जब डीएम अपनी कार की ओर बढ़ रहे थे, तभी कई बच्चे उनके पास पहुंच गए। बच्चों ने उन्हें घेरकर स्कूल से जुड़ी अन्य शिकायतें भी बताईं। बच्चों ने आरोप लगाया कि गणित के शिक्षक सवाल पूछने पर उनके साथ मारपीट करते हैं। बच्चों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने बीएसए को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रधानाध्यापक को नोटिस, 15 दिन में व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश
डीएम के निर्देश के बाद बीएसए मुकेश खरवार ने स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक बिजेंद्र कुमार को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। कार्रवाई के बाद स्कूल के शिक्षकों में हड़कंप की स्थिति है। डीएम ने स्कूल के नव निर्मित भवन, कक्षों और पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि भवन हैंडओवर होने के बाद बच्चों के लिए 15 दिनों के भीतर मेज और कुर्सियों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। डीएम ने स्कूल में मिली कमियों को भी निर्धारित समय में दूर करने के निर्देश दिए हैं।
