संभल : बुधवार को जीएसटी विभाग की बड़ी कार्रवाई से व्यापारिक जगत में हड़कंप मच गया। राज्यकर विभाग की टीम ने बीकानेर रेस्टोरेंट और उसके दो पार्टनरों के घरों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई दोपहर करीब दो बजे शुरू हुई, जो चार घंटे से अधिक समय तक चली और देर रात तक जारी रहने की संभावना जताई गई है।
राज्यकर विभाग की टीम दो गाड़ियों में सवार होकर चंदौसी कोतवाली और बनियाठेर थाना क्षेत्र में पहुंची। टीम में शामिल आठ अधिकारियों ने सबसे पहले आगरा–मुरादाबाद हाईवे पर गांव मझावली के पास स्थित बीकानेर रेस्टोरेंट को घेर लिया और वहां कागजातों की गहन जांच शुरू की। इसके बाद दो अलग-अलग टीमें रेस्टोरेंट मालिक संचित अग्रवाल और उनके पार्टनर रौनक अग्रवाल के आवासों पर पहुंचीं, जहां दस्तावेजों की छानबीन की गई।
बताया जा रहा है कि संचित अग्रवाल और रौनक अग्रवाल का प्रॉपर्टी डीलिंग का भी बड़ा कारोबार है, इसी को लेकर जीएसटी विभाग लंबे समय से नजर बनाए हुए था। मुरादाबाद के डिप्टी कमिश्नर मिलन राज के नेतृत्व में तीन टीमें पुलिस बल के साथ संभल पहुंचीं और एक साथ तीन स्थानों पर कार्रवाई शुरू की गई। चार घंटे से अधिक चली जांच के दौरान जीएसटी विभाग को कुछ अहम कागजात हाथ लगने की जानकारी सामने आई है, जिनके आधार पर रेस्टोरेंट मालिकों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। घरों से भी कुछ दस्तावेज मिलने की बात कही जा रही है, हालांकि विभाग की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। एक साथ कई ठिकानों पर हुई इस छापेमारी से चंदौसी शहर और आसपास के बड़े व्यापारियों में भी अफरा-तफरी का माहौल है। अधिकारी फिलहाल पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए हैं और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही आधिकारिक बयान देने की बात कही जा रही है।
