गाजियाबाद : मुरादनगर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां शनिवार तड़के एक बुजुर्ग पति ने अपनी ही पत्नी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी खुद पुलिस चौकी पहुंच गया और पुलिस को हत्या की जानकारी दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और गांव में दहशत का माहौल बन गया।
मामला मुरादनगर थाना क्षेत्र के रावली कला गांव का है। जानकारी के मुताबिक 80 वर्षीय हरपाल अपनी 72 वर्षीय पत्नी उर्मिला के साथ अपनी बेटी के घर रह रहा था। शनिवार सुबह करीब चार बजे हरपाल रावली चौकी पहुंचा और पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी को कुल्हाड़ी से काट दिया है। आरोपी की बात सुनते ही पुलिस के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो वहां चारपाई पर खून से लथपथ हालत में उर्मिला पड़ी मिली। उसके सिर और कान के पास कुल्हाड़ी से कई गहरे वार किए गए थे। गंभीर हालत में महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरादनगर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन ज्यादा खून बहने और गंभीर चोटों के कारण उर्मिला को बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि हरपाल मूल रूप से मोरटा कब्रिस्तान इलाके का रहने वाला है और कुछ समय से अपनी बेटी कंचन के घर रावली कला गांव में रह रहा था। घटना के समय घर में उनकी बेटी के बेटे कुणाल और अजय भी मौजूद थे, जबकि बेटी और दामाद मेरठ गए हुए थे। मृतका के नाती कुणाल ने पुलिस को बताया कि उसके नाना हरपाल की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं चल रही थी। परिवार के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद भी होता रहता था। घटना वाली रात सभी लोग घर में सो रहे थे और हरपाल तथा उर्मिला बाहर चारपाई पर लेटे हुए थे। इसी दौरान अचानक हरपाल ने कुल्हाड़ी उठाई और पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
घटना के बाद आरोपी मौके से भागा नहीं बल्कि खुद पुलिस चौकी पहुंचकर हत्या की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की मानसिक स्थिति, पारिवारिक विवाद और हत्या के पीछे की असली वजह की जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की जा रही है।
इस वारदात के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोग भी घटना को लेकर हैरान हैं कि जिस उम्र में लोग एक-दूसरे का सहारा बनते हैं, उस उम्र में पति ने पत्नी की इतनी बेरहमी से हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।
