नई दिल्ली : लंदन से बंगलूरू जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट में सोमवार को एक बड़ी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई, जिसके चलते विमान को उड़ान भरने से पहले ही रोक दिया गया। जानकारी के मुताबिक, बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान में ईंधन नियंत्रण स्विच में खराबी की सूचना पायलट द्वारा दी गई थी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को तुरंत ग्राउंड कर दिया गया और उड़ान रद्द कर दी गई।
यह फ्लाइट एआई-132 लंदन से बंगलूरू के लिए संचालित हो रही थी, जो सोमवार सुबह बंगलूरू पहुंचने वाली थी। विमान में करीब 200 यात्री सवार थे। सूत्रों के अनुसार, विमान के ईंधन नियंत्रण स्विच में तकनीकी समस्या पाई गई। बताया गया कि फ्यूल कंट्रोल स्विच रन पोजीशन में न होकर कट-ऑफ की ओर बढ़ गया था। रन स्थिति इंजन को चालू रखने के लिए होती है, जबकि कट-ऑफ स्थिति इंजन को बंद करने से जुड़ी होती है। इस तरह की गड़बड़ी को गंभीर मानते हुए पायलट ने उड़ान से पहले ही इसकी रिपोर्ट कर दी।
घटना के सामने आने के बाद एअर इंडिया ने अपने पूरे बोइंग 787 ड्रीमलाइनर बेड़े में फ्यूल कंट्रोल स्विच की दोबारा जांच शुरू कर दी है। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि अब तक करीब आधे बेड़े की जांच पूरी हो चुकी है, जिसमें किसी तरह की गड़बड़ी सामने नहीं आई है। हालांकि, बाकी विमानों की जांच अभी भी जारी है। एअर इंडिया के इंजीनियरिंग विभाग ने इस तकनीकी खराबी को प्राथमिकता के आधार पर विमान निर्माता कंपनी बोइंग के संज्ञान में भी लाया है। एयरलाइन ने मामले की विस्तृत जांच के लिए इसे बोइंग को भेज दिया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह गड़बड़ी किस वजह से हुई और भविष्य में इससे कैसे बचा जा सकता है।
मालूम हो कि एअर इंडिया के पास फिलहाल 33 बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान हैं। इनमें 26 बोइंग 787-8, 7 बोइंग 787-9 शामिल हैं, जिनमें से 6 विमान विस्तारा से जुड़े हैं और एक कस्टम-मेड विमान है, जिसे हाल ही में जनवरी में बेड़े में शामिल किया गया था। एअर इंडिया के फ्लाइट ऑपरेशंस के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट मनीष उप्पल ने बोइंग 787 के पायलटों को जानकारी देते हुए बताया कि पूरे बेड़े में फ्यूल कंट्रोल स्विच की दोबारा जांच शुरू कर दी गई है।
उन्होंने एक ईमेल के जरिए कहा कि जब तक बोइंग की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल जाती, तब तक एअर इंडिया के इंजीनियर एहतियात के तौर पर फ्यूल कंट्रोल स्विच लैच की पूरे बेड़े में जांच कर रहे हैं, ताकि सामान्य संचालन की पुष्टि की जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन विमानों की जांच पूरी हो चुकी है, उनमें किसी तरह की असामान्य स्थिति सामने नहीं आई है। इसके अलावा एअर इंडिया ने अपने क्रू मेंबर्स को निर्देश दिए हैं कि ऑपरेशन के दौरान यदि किसी भी तरह की तकनीकी खराबी दिखाई दे, तो उसकी तुरंत रिपोर्ट की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि विमान को उड़ान के लिए स्वीकार करने से पहले सभी जरूरी जांच और प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएं।
गौरतलब है कि पिछले साल अहमदाबाद में बोइंग 787-8 विमान के घातक हादसे के बाद फ्यूल कंट्रोल स्विच को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उस हादसे में 260 लोगों की जान चली गई थी। शुरुआती जांच रिपोर्ट में यह सामने आया था कि टेक-ऑफ के तुरंत बाद विमान की फ्यूल सप्लाई बंद हो गई थी। इसी वजह से अब एअर इंडिया और विमानन नियामक इस तरह की किसी भी तकनीकी गड़बड़ी को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं।
