सपा प्रमुख ने राख पर पढ़ती बच्ची की तस्वीर की साझा, उठाया बड़ा कदम, पीपा पुल पर कही ये बात?
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटर को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब ‘उपभोक्ता’ नहीं बल्कि ‘उपभुगता’ पैदा हो गए हैं, जो सरकार की नीतियों का खामियाजा भुगत रहे हैं। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर में पैसे होने के बावजूद बिजली कटौती हो रही है, जिससे आम लोग परेशान हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में अब एक नई श्रेणी “प्रीपेड पीड़ित” की बन गई है, जिन्हें तकनीकी खामियों और व्यवस्था की लापरवाही का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब बिजली कंपनियों को पहले ही भुगतान मिल जाता है, तो फिर उपभोक्ताओं को बार-बार शिकायत और चक्कर क्यों लगाने पड़ते हैं। उन्होंने सरकार और बिजली कंपनियों के बीच तालमेल की कमी या मिलीभगत का आरोप भी लगाया।
जब आधार ही गलत होगा, तो परिणाम कैसे सही होंगे
सपा प्रमुख ने महिला आरक्षण को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा।उन्होंने कहा कि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देने से पहले नई जनगणना कराना जरूरी है। अखिलेश यादव ने कहा कि 2011 की पुरानी जनगणना के आधार पर आरक्षण लागू करना गलत होगा। जब आधार ही गलत होगा, तो परिणाम कैसे सही होंगे, उन्होंने कहा।
जनता बदलाव चाहती है: सपा प्रमुख
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले समय में स्थिति बदलेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार बनने पर बिजली व्यवस्था को पारदर्शी और उपभोक्ता हित में बनाया जाएगा। उन्होंने ‘पीडीए’ (पीड़ित, दलित, अल्पसंख्यक) का जिक्र करते हुए कहा कि प्रभावित वर्ग लगातार बढ़ रहा है और सरकार को जनता की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
राख पर पढ़ती बच्ची की तस्वीर ने झकझोरा, अखिलेश यादव ने उठाया बड़ा कदम
यूपी के सीतापुर जिले में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद एक मासूम बच्ची की राख के ढेर पर बैठकर पढ़ाई करते हुए तस्वीर ने सभी को भावुक कर दिया है। यह घटना चलाकापुर गांव की है, जहां आंधी-बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से आग लगने पर तीन लोगों की मौत हो गई थी। इस बीच अखिलेश यादव ने बच्ची की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए उसकी पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि कठिन हालात में भी पढ़ाई का जज़्बा प्रेरणादायक है।बताया जा रहा है कि इस हादसे में एक बच्ची समेत तीन लोगों की जान गई, जबकि प्रभावित परिवारों को प्रशासन द्वारा राहत सामग्री दी जा रही है।
15 दिन में बहा पीपा पुल, सपा प्रमुख अखिलेश यादव का BJP पर हमला
यूपी के मिर्जापुर में नेवढ़िया घाट पर बना अस्थाई पीपा पुल उद्घाटन के महज 15 दिनों बाद ही बह गया, जिसके बाद सियासत तेज हो गई है। इस मामले को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर क्यों पुल, सड़क और अन्य निर्माण कार्य कुछ ही दिनों में खराब हो जाते हैं। उन्होंने इसे विकास बनाम भ्रष्टाचार का मुद्दा बताते हुए निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए। बताया जा रहा है कि इस पुल का उद्घाटन हाल ही में बीजेपी विधायक रत्नाकर मिश्रा ने किया था। पुल बहने के बाद स्थानीय स्तर पर भी नाराजगी देखने को मिल रही है, वहीं प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।
