खेत से लौटते युवक पर की फायरिंग, पास खड़ी महिला बनी शिकार, गांव में तनाव, पुलिस जांच में जुटी
बरेली : शहर के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के पूरनापुर गांव में रविवार को पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई।हमलावरों ने खेत से लौट रहे युवक पर गोली चलाई, लेकिन वह बच गया। वहीं पास में खड़ी महिला गीता के माथे में गोली जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत दोहरा रोड स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घायल पक्ष के विनोद उर्फ बंटू के मुताबिक, शनिवार को गांव के अमित, सुमित और कुनाल ने उसके घर में घुसकर उसकी मां शिव देवी के साथ मारपीट और गाली-गलौज की थी।
आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। इसके बाद दोनों पक्षों में तनाव बना हुआ था।रविवार सुबह करीब 8:45 बजे जब विनोद खेत से लौट रहा था, तभी रास्ते में अमित और सुमित ने उसे घेर लिया। आरोप है कि दोनों ने उसे जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा। किसी तरह वह जान बचाकर भागा, लेकिन इसी दौरान आरोपियों ने उस पर तमंचे से फायर कर दिया।
फायरिंग में मां को लगी गोली
इस दौरान की गई फायरिंग के दौरान गोली विनोद को नहीं लगी, लेकिन पास में खड़ी महिला गीता के माथे में जा धंसी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गांव में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल भिजवाया।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
