मिर्जापुर। शुक्रवार सुबह साढ़े 7 बजे मिर्जापुर के कछवा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाप-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा कटका गोदाम के पास तब हुआ, जब तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने पहले दो लोगों को रौंद दिया और फिर सड़क पर खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और लगभग 50 मीटर तक बिखर गए।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बाप-बेटे को कार से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान बाबूलाल (55) और उनके बेटे अनुराग (22) के रूप में हुई। परिवार प्रयागराज के सोरांव तहसील के दाउलकपुर गांव का रहने वाला था। दोनों प्रयागराज से वाराणसी जा रहे थे।
प्रारंभिक जांच में हादसे की दो मुख्य वजह सामने आई हैं कोहरा और झपकी लगना। पुलिस ने बताया कि कार की स्पीड अत्यधिक तेज थी, जिससे सड़क पर खड़े दो लोगों को रौंदते हुए कार ट्रक में जा घुसी। उस समय विजिबिलिटी कम होने के कारण दुर्घटना और भी गंभीर हुई। हादसे में जिन दो लोगों की मौत हुई, उनकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने कहा कि मामले की तफ्तीश जारी है और सभी मृतकों के परिजनों को सूचित किया जा रहा है।
