बहराइच : यूपी के बहराइच से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां जंगल से निकले एक हाथी ने एक बुजुर्ग महिला को कुचलकर मार डाला। यह घटना बहराइच के कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र के भवानीपुर गांव के पास की है, जहां रविवार दोपहर अचानक अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि गांव की 80 वर्षीय कुवरिया सुबह करीब 11 बजे घर से बकरियां चराने के लिए जंगल किनारे गई थीं। दोपहर करीब 12 बजे के आसपास अचानक जंगल से एक टस्कर हाथी बाहर आ गया। हाथी को देखते ही महिला ने शोर मचाया और खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक हाथी उसके बेहद करीब पहुंच चुका था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हाथी ने पहले महिला को दौड़ाया, फिर उसे पकड़कर बेरहमी से जमीन पर पटक दिया और पैरों से कुचल दिया। महिला के चेहरे और सीने पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग जब तक दौड़कर वहां पहुंचते, तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोगों ने शोर मचाकर और हाका लगाकर हाथी को भगाने की कोशिश की, लेकिन हाथी करीब 40 मिनट तक मौके पर ही खड़ा रहा। इसके बाद वह धीरे-धीरे जंगल की ओर वापस चला गया। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो महिला का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में खेत में पड़ा मिला।
ग्रामीणों का कहना है कि यह वही हाथी है जिसने सुबह गांव के पास एक खेत में घुसकर हल्दी की फसल को भी बर्बाद किया था। इसके बाद वह जंगल की तरफ गया और फिर लौटकर इस दर्दनाक घटना को अंजाम दे दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वन विभाग अब हाथी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और इलाके में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
