बरेली : यूपी के बरेली में सहायक अभियोजन अधिकारी (APO) परीक्षा आज कड़ी सुरक्षा और सख्त व्यवस्थाओं के बीच शुरू हुई। जिले के 24 परीक्षा केंद्रों पर कुल 11,198 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होने थे। मगर, इसमें 6048 अभ्यर्थी गायब थे। इस परीक्षा में 5148 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। यह परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित की गई, जबकि अभ्यर्थियों को सुबह 8:00 बजे से 8:45 बजे तक ही केंद्र में प्रवेश दिया गया। तय समय के बाद किसी को भी अंदर आने की अनुमति नहीं दी गई।
बायोमीट्रिक से पहचान, फर्जीवाड़े पर सख्ती
परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी अभ्यर्थियों का बायोमीट्रिक सत्यापन अनिवार्य किया गया। बिना सत्यापन के किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिला।जिससे फर्जी अभ्यर्थियों पर पूरी तरह रोक लगाने की कोशिश की गई।
24 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित
जिले के प्रमुख शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया। जिनमें बरेली इंटर कॉलेज, एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज, बिशप मंडल इंटर कॉलेज, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज और पीसी आजाद इंटर कॉलेज डेलापीर समेत कुल 24 केंद्र शामिल हैं। परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार निगरानी में लगी रहीं। हर केंद्र पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था और चेकिंग की गई।
