बरेली : यूपी के बरेली शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र स्थित आलोक नगर में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। देवर और भाभी के शव घर में फांसी के फंदे से लटके हुए पाए गए। मृतकों की पहचान सोनी (27 वर्ष) और अंकित (30 वर्ष) के रूप में हुई है। यहां पुलिस मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है, तो वहीं मृतका के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पति विवेक को मुख्य आरोपी बताया है। इस मामले में इंस्पेक्टर इज्जतनगर से जानकारी की कोशिश की गई। मगर, वह उन्होंने जुलूस में होने की बात कही।
जानें पूरा मामला
पहले सोनी का शव फंदे पर मिला। कुछ देर बाद देवर अंकित का शव भी उसी घर में अलग जगह पर लटका मिला। आरोप है कि परिजनों ने हत्या कर आत्महत्या दिखाने की साजिश की है। सोनी की भाभी शीला ने दावा किया कि विवेक ने गुस्से में आकर दोनों की हत्या कर दी। क्योंकि,दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं।
गंभीर आरोप: नशा, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना
सोनी के मायके वालों का आरोप है कि विवेक शराबी और हिंसक स्वभाव का था। शादी के 8 सालों में सोनी को लगातार प्रताड़ित किया गया। घटना से एक दिन पहले सोनी ने फोन पर बताया था कि उसे खाना भी नहीं दिया जा रहा है। सोनी के दो छोटे बच्चे 5 साल की तान्या और 3 साल का कैरव है। इस हादसे के बाद अनाथ हो गए हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका
सीओ सिटी पंकज श्रीवास्तव ने मीडिया को बताया कि दोनों की मौत प्रथम दृष्टया आत्महत्या प्रतीत हो रही है। फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने मौके की जांच की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कोई लिखित तहरीर न देने की बात कही गई है। मृतका सोनी की शादी 2016 में विवेक से हुई थी। वह मूल रूप से सितारगंज (उत्तराखंड) की रहने वाली थी।
